Asarfi

Ballia : स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर, हादसे ने छीन लिया परिवार का इकलौता सहारा

width="500"

सिकंदरपुर (बलिया)। सिकंदरपुर बलिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर शाम पटपर पेट्रोल पंप के पास हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत और उसके साथी के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। यह दुर्घटना न केवल एक परिवार का सहारा छीन ले गई, बल्कि सड़क सुरक्षा पर भी कई सवाल खड़े कर गई।


खेजुरी थाना क्षेत्र के खडसरा गांव निवासी संतोष सिंह टुनटुन (40) और उनके साथी मधुरेन्द्र सिंह (38) गुरुवार को पिपरा से निमंत्रण कर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों बाइक लेकर मुख्य सड़क पर चढ़े, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 10 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। लेकिन गंभीर चोटों से जूझ रहे संतोष सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मधुरेन्द्र सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज मऊ के एक निजी अस्पताल में जारी है।


हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है और चालक की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुखद पहलू यह है कि मृतक संतोष सिंह अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता महिपाल बहादुर सिंह (दारोगा सिंह) का निधन लगभग 15 वर्ष पूर्व हो चुका था। परिवार की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारी संतोष ही उठाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *