
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के करनई वाटरपार्क के पास मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिया के नीचे पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना पाकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान करनई निवासी धनजी राजभर 52 वर्ष पुत्र स्व.गिरधारी राजभर के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुखपुरा थानाध्यक्ष मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव मिलने की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।

