
चितबड़ागांव। स्थानीय कस्बा स्थित पीसीओ तिराहा पुलिस सहायता केंद्र से लगभग सौ मीटर की दूरी पर बलिया–गाजीपुर मार्ग पर स्थित एक मिठाई की दुकान में अज्ञात दबंगों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस घटना में दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगह प्रकाश नगर निवासी राजेश गुप्ता पुत्र नागेश गुप्ता की मिठाई की दुकान महावीर कटरा में स्थित है। शुक्रवार की रात प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर राजेश गुप्ता घर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनकी दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। शनिवार की सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचे तो टूटी-फूटी हालत देख वह स्तब्ध रह गए। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का वीडियोग्राफी किया तथा स्थानीय थाने में तहरीर देने की बात कहकर वापस लौट गई। घटना की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू केसरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लगभग एक माह पूर्व व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष हरिनारायण चौरसिया की दुकान में भी इसी प्रकार अज्ञात दबंगों द्वारा तोड़फोड़ की गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने स्वयं थानाध्यक्ष दिनेश पाठक से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कार्रवाई न होने के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हैं और इसी क्रम में शुक्रवार की रात एक बार फिर तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया। बताया कि पीड़ित दुकान से सटे एक अन्य दुकान में भी बदमाशों ने तोड़फोड़ की है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर घटना का पुलिस द्वारा खुलासा नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित दुकानदार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश पाठक ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा घटना को अंजाम देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

