Asarfi

Ballia : गैस सिलेंडर को लेकर मारपीट, जीराबस्ती स्थित एजेंसी पर मचा हंगामा

width="500"

बलिया। जीराबस्ती स्थित नीलम गैस एजेंसी पर रविवार सुबह गैस सिलिंडर वितरण को लेकर उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर वितरण व्यवस्था बहाल कराई। सुबह से ही गैस सिलिंडर लेने के लिए गोदाम पर लंबी कतार लगी रही। इसी दौरान लाइन को लेकर उपभोक्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर विवाद में बदल गई। कर्मचारियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन मामला बिगड़ने पर वितरण रोकना पड़ा। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और कर्मचारियों से उलझने लगे।


सूचना मिलने पर हनुमानगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुनः गैस वितरण शुरू कराया गया। एजेंसी संचालक अभिज्ञान तिवारी ने बताया कि एक उपभोक्ता कर्मचारियों से अभद्रता करने लगा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को अवगत कराते हुए वितरण के दौरान पुलिस सुरक्षा की मांग की है। रविवार को करीब 550 गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया।


दो दिनों में 1000 से अधिक बुकिंग गैस सिलिंडर की मांग में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। संचालक के अनुसार, पिछले दो दिनों में 1000 से अधिक बुकिंग हुई हैं। पहले जहां 200 से 300 बुकिंग होती थीं, वहीं अब मांग बढ़ने से वितरण पर दबाव बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन लगभग 550 सिलिंडर वितरित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *