
बलिया। विकास भवन स्थित कार्यालय में छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे और मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात की। छात्रों ने अपने लंबित आवेदनों और अन्य दिक्कतों को विस्तार से रखा।
मुख्य विकास अधिकारी ने संवेदनशीलता के साथ सभी छात्रों की समस्याएं सुनीं और उन्हें छात्रवृत्ति आवेदन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों से कुछ मामलों में देरी हुई है, लेकिन सभी पात्र छात्रों के आवेदन संस्तुति के साथ शासन को भेजे जा चुके हैं। निदेशालय स्तर से जल्द ही धनराशि छात्रों के खातों में भेजी जाएगी। सीडीओ ने छात्रों को अपने बैंक खातों का केवाईसी और एनपीसीआई अपडेट कराने की सलाह दी, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन छात्रों के दस्तावेज पूर्ण हैं और वे पात्र हैं, उनके भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही छात्रों से अपील की गई कि वे अपने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से आवेदन की स्थिति पर नजर रखें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए पोर्टल पर उपलब्ध हेल्पडेस्क का उपयोग करें। इस मौके पर विभागीय अधिकारी और विकास भवन के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

