
सुधीर कुमार मिश्रा,
बेरूआरबारी बलिया। सुखपुरा कस्बे के बुढ़वा शिवजी मंदिर से चांदी जड़ित शिवलिंग, अरघा, सर्प एवं मां दुर्गा के श्रृंगार के जेवर चोरी का शुक्रवार को पुलिस द्वारा राजफाश किए जाने से आक्रोशित शिवभक्तों ने शनिवार को थानाध्यक्ष सुखपुरा का घेराव किया। इस दरमियान शिव भक्तों ने राजफाश को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि जन सहयोग के बावजूद पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और घटना के 12 दिनों बाद राजफाश भी किया तो झूठी कहानी गढ़ दी। इससे शिव भक्त आहत हैं।
कहा कि यह हमारी आस्था पर चोट है। जब तक शिवलिंग की बरामदगी नहीं होगी तब तक किसी भी राजफाश को सही नहीं माना जाएगा।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे के निवेदन पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर एवं मोहम्मद उस्मान ने शिव भक्तों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन शिवभक्त टस से मस नहीं हुए। इनकी एक ही मांग थी कि हमें किसी भी हालत में वही शिवलिंग चाहिए जो मंदिर में था भले ही चोरों ने उसे खंडित ही क्यों न कर दिया हो। शिवभक्तों ने चोरी गए शिवलिंग की बरामदगी के लिए 24 जनवरी तक का समय पुलिस को दिया।
कहा कि की 20 जनवरी से 24 जनवरी तक नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना हेतु पूजन, अर्चन, हवन का कार्यक्रम है। 25 को भंडारा का आयोजन है। यदि 24 जनवरी तक शिवलिंग पुलिस ने बरामद नहीं किया तो 25 जनवरी को आयोजित भंडारा स्थगित कर शिव भक्त आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बृजनाथ सिंह, उमेश सिंह, राकेश सिंह गामा, रवींद्रनाथ उपाध्याय, अमित सिंह छोटू, रोहित सिंह, प्रमोद सिंह, बसंत सिंह, नितेश सिंह, मुन्ना सिंह, शंकर दानी, समरेंद्र सिंह, सरोज सिंह आदि मौजूद रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने कहा…
अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने कहा कि इस घटना के दो आरोपी जो फरार हैं उनकी गिरफ्तारी के काफी करीब पुलिस पहुंच चुकी है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और तब मंदिर से चोरी गए शिवलिंग बरामद किया जायेगा।

