
बलिया। महान समाजवादी चिंतक व पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष का शुभारंभ 17 अप्रैल 2026 से होगा, जो 17 अप्रैल 2027 तक विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर को गरिमामय बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।
बताया गया कि देशभर में जन्मशताब्दी समारोह मनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा कर रहे हैं। इस राष्ट्रीय समिति में प्रदेश स्तर से अनिल सिंह को प्रतिनिधित्व मिला है।
इसी क्रम में रविवार को बलिया में पत्रकारों की एक समिति गठित की गई, जो आयोजन समिति के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि चन्द्रशेखर जी का जन्मस्थान और उनका राजनीतिक जीवन बलिया से गहराई से जुड़ा रहा है, इसलिए यहां आयोजन की विशेष भूमिका होगी।
समिति ने निर्णय लिया है कि पूरे वर्ष विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही ‘युवा विमर्श श्रृंखला’ के माध्यम से वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में उनके विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा होगी। इन कार्यक्रमों के संयोजक के रूप में अमित कुमार सिंह ‘छोटू’, प्रवीण कुमार सिंह और आलोक कुंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा 28 मई को बापू भवन टाउन हॉल में एक गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें चन्द्रशेखर जी के साहित्यिक, सामाजिक और राजनीतिक योगदान पर चर्चा होगी। आयोजन समिति ने बताया कि 6 जनवरी 1983 को शुरू हुई उनकी ऐतिहासिक पदयात्रा की स्मृति में 6 जनवरी 2027 को चन्द्रशेखर उद्यान से जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय तक लगभग 11 किलोमीटर की पदयात्रा भी निकाली जाएगी। समति ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे सभी कार्यक्रमों में भाग लेकर जन्मशताब्दी वर्ष को यादगार बनाएं।
आयोजन समिति के संरक्षक
आयोजन समिति के संरक्षकों में राणा प्रताप सिंह, अनिल कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश सिन्हा, एडवोकेट रणजीत सिंह, अनिल सिंह शामिल हैं। वहीं मुख्य महासचिव आशीष प्रताप सिंह, महासचिव अमित कुमार सिंह, संगोष्ठी संयोजक डॉ. शम्मी कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी संतोष प्रताप सिंह और सह प्रभारी अमन सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।

