
बलिया। बांसडीहरोड थाना पुलिस को गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए 12 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 67 हजार 696 रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के कुशल नेतृत्व में थाना बांसडीह रोड पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
बताया गया कि आवेदकों के मोबाइल फोन थाना क्षेत्र एवं अन्य स्थानों पर अलग-अलग परिस्थितियों में गुम हो गए थे, जिसके संबंध में मोबाइल स्वामियों द्वारा थाना बांसडीह रोड पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा सभी मामलों को सीईआईआर पोर्टल पर पंजीकृत कराया गया। लगातार तकनीकी निगरानी और प्रयास के क्रम में सोमवार को 12 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए और मोबाइल स्वामियों को वापस कर दिया गया। मोबाइल पाकर लोगो ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

