
बसंतपुर विद्यालय में शिक्षा का उत्सव, बच्चों को बांटी गई किताबें, कलम
मेडिकल कॉलेज से लेकर स्टेडियम तक, बलिया में विकास की रफ्तार तेज
बलिया। जनपद के कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही माल्यार्पण कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलने वाला ‘स्कूल चलो अभियान’ इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए संचालित किया जा रहा है। इसके तहत शिक्षक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को मुफ्त किताबें, स्कूल ड्रेस, जूते-मोजे और मिड-डे मील के तहत भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित हो रही है।

विभिन्न विकास कार्यों की दी जानकारी
मंत्री ने बलिया में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 477 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रिया में है। पहले जेल 14 एकड़ और 16 एकड़ में थी इस बार का जेल बन रहा है 63 एकड़ में 100 बीघा से भी ज्यादा में उसके लिए अभी नारायण पाली जमीन चिन्हित कर ली गई है। हर क्षेत्र में आज बलिया को हम लोग डेवलप कर रहे हैं। 100 करोड़ शहर के रोडवेज निर्माण करने एवं 100 करोड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण के लिए स्वीकृत हुआ है। इसके अलावा बाईपास निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण, बस अड्डा, स्पोर्ट्स स्टेडियम और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
नए बाईपास के निर्माण से समाप्त होगी जाम की समस्या
उन्होंने बताया कि शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए नए बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए क्रिटिकल केयर यूनिट और अस्पतालों के विकास पर भी काम हो रहा है। बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंत्री दयाशंकर सिंह ने विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे मिड-डे मील का स्वयं स्वाद चखा और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इससे उन्होंने भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
स्कूल चलो अभियान को दिखाई हरी झंडी
मंत्री ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रचार- प्रसार के लिए निकाले गए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। संदेश में बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, खेलकूद में भाग लेने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों के साथ- साथ आसपास के अन्य बच्चों को भी स्कूल भेजने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो बच्चों के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनसे सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव का हर व्यक्ति बच्चों की शिक्षा में भूमिका निभाए।
गांव के लोग यह संकल्प लें कि उनके क्षेत्र का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। कार्यक्रम का समापन जन गण मन अधिनायक जय हे भारत भाग्य विधाता कर किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

