Ballia : माखनभोग मिठाई की दुकान में भीषण आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

बलिया। हनुमानगंज स्थित प्रसिद्ध माखनभोग मिठाई की दुकान में गुरुवार की सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
दुकानदार अजय कुमार पुत्र लल्लन प्रसाद ने बताया कि सुबह दुकान खोलने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक आग लग गई। जब तक कुछ समझ में आता, आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा सामान, फर्नीचर, मिठाइयां, काउंटर तथा अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आग आसपास की दुकानों तक भी फैल सकती थी।
घटना की सूचना पर लेखपाल एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

