
बलिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में बलिया पुलिस द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।

मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान पुलिस टोलियों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
परेड की कमान क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी ने संभाली। परेड में कुल आठ टोलियों के साथ मोटरसाइकिल दस्ता, एसओजी, पीआरवी-112, यातायात पुलिस, फॉरेंसिक टीम, रेडियो शाखा, अग्निशमन दल, महिला पुलिस दस्ता, प्रिजन वाहन एवं पुलिस बैंड ने शिरकत कर शौर्य प्रदर्शन किया। परेड में टोली संख्या-05 को प्रथम, टोली संख्या-01 को द्वितीय एवं टोली संख्या-02 को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की। उत्कृष्ट सेवा के लिए बलिया पुलिस के उप निरीक्षक नारायणकान्त सरोज को राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई, जबकि कई अन्य पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट एवं अतिउत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

