
बलिया। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को जिराबस्ती स्थित भाजपा कार्यालय पर धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के इतिहास, संघर्ष और उपलब्धियों को याद किया।
जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि भाजपा की स्थापना वैचारिक प्रतिबद्धता और आपातकाल की भयावहता के खिलाफ संघर्ष से हुई थी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल विजय को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकसित भारत की दिशा में 11 वर्षों की महत्वपूर्ण यात्रा तय की है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति और श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया।

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि भाजपा ने स्थापना काल से जो संकल्प लिए थे, उन्हें केंद्र और राज्य सरकारों ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं आम जनता तक पहुंची हैं और देश में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, सीएए और वक्फ संशोधन बिल जैसे फैसलों को राष्ट्रहित में बड़ा कदम बताया।
उन्होंने कहा कि बदलता हुआ भारत और उत्तर प्रदेश अब विश्व को दिशा देने के लिए तैयार है और किसानों के हित में सरकार लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में विनोद शंकर दूबे, विजय बहादुर सिंह, भगवान पाठक, शिवशंकर चौहान, आलोक शुक्ला, हिमांशु प्रताप सिंह, संजीव डम्पू, प्रदीप सिंह, मनोज श्रीवास्तव, शशि प्रकाश चौरसिया, मिलन राम, कृष्णा पाण्डेय, तारकेश्वर गोड़, योगेश सिंह, संतोष पाण्डेय, राजेश सिंह, विजय लक्ष्मी सिंह, रीना राव, भरत राय, अजय राजभर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने की, जबकि संचालन महामंत्री संजीव कुमार डम्पू ने किया।

