Ballia : दो पक्षों में खूनी संघर्ष, प्रधान समेत 15 नामजद, 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के हुसेनाबाद गांव में शनिवार को दो पक्षों के बीच हुए एक खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुरानी रंजिश को लेकर गांव के मौजूदा ग्राम प्रधान संजीत यादव समेत 15 नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, चाकूबाजी और लूटपाट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना के संबंध में घायल पक्ष के नीरज दुबे ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह और उनके भाई अमितेश दुबे उर्फ सोनू केवरा बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के प्रधान संजीत यादव के नेतृत्व में 15 से 20 हथियारबंद लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि संजीत और संजय यादव ने ललकारते हुए जान से मारने का आदेश दिया। ललकार के तुरंत बाद अमित यादव ने अमितेश दुबे की गर्दन पर सीधे चाक़ू से जानलेवा वार किया। बचाव में अमितेश ने जैसे ही सिर नीचे किया, वार ललाट पर लगा। गंभीर चोट लगने से अमितेश खून से लथपथ होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।
जब नीरज दुबे, गोविंद दुबे, आशीष दुबे और पीयूष तिवारी अपने भाई को बचाने के लिए दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी डंडों से बेरहमी से वार किया। नीरज दुबे के हाथ पैर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह चलने में भी असमर्थ हो गए हैं। ग्रामीणों के बीच बचाव के बाद ही हमलावर भागने को मजबूर हुए। भागते समय बदमाशों ने पीड़ितों से तीन मोबाइल फोन और बाजार करने के लिए रखे सारे पैसे छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद जब कुछ ग्रामीण पूछताछ के लिए बांसडीह जा रहे थे, तो आरोपित अमित यादव ने उन्हें बोलेरो गाड़ी से कुचलने का भी प्रयास किया।
पुलिस ने नीरज दुबे की शिकायत के आधार पर ग्राम प्रधान संजीत यादव, संजय यादव, अमित यादव सहित 15 नामजद और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इन पर हुआ एफआईआर
इस मामले में पुलिस ने नीरज दुबे की तहरीर पर हुसेनाबाद गांव के प्रधान संजीत यादव, संजय यादव, शिवानंद यादव, अमित यादव,अतुल सिंह, सतीश सिंह, संजीव सिंह, मुलायम यादव, घनश्याम यादव, अशोक यादव, राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिला यादव,विनोद यादव, अमूल यादव, लाल जी यादव सहित दस से 15 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।

