Asarfi

Ballia : पुलिस लाइन में एसपी ओमवीर सिंह ने किया होलिका दहन, पुलिस परिवार संग मनाया पर्व

width="500"

बलिया। होलिका दहन के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस परिवार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान से होलिका पूजन के उपरांत दहन किया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और शांति बनाए रखने का संदेश दिया।


रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारीगण, पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कर होलिका दहन किया गया। एसपी ने कहा कि होलिका की अग्नि मनुष्य के ‘जीवन यज्ञ’ का प्रतीक है, जो बुराइयों के दमन और सत्य की विजय का संदेश देती है।


उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व पर सभी नागरिक आपसी प्रेम, सद्भाव और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *