Asarfi

Ballia : राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में बलिया में विशाल रैली, डीएम को सौंपा ज्ञापन

width="500"

बलिया। 12 फरवरी को घोषित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान पर गुरुवार को जनपद में विभिन्न कर्मचारी, श्रमिक और किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से हड़ताल कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान टाउन हॉल से जिलाधिकारी कार्यालय तक विशाल रैली निकाली गई। रैली टाउन हॉल से शुरू होकर चित्तू पांडेय चौराहे से होते हुए डीएम कार्यालय पहुंची, जहां सभा में तब्दील हो गई। प्रदर्शन में कर्मचारी संगठनों, आशा कार्यकर्ताओं, राज्य कर्मचारियों, मेडिकल प्रतिनिधियों, विभिन्न श्रमिक संगठनों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार की श्रम एवं किसान नीतियों का विरोध करते हुए निजीकरण, ठेका प्रथा, श्रमिक अधिकारों में कटौती, बढ़ती महंगाई, पुरानी पेंशन बहाली, न्यूनतम वेतन की गारंटी, सामाजिक सुरक्षा की मजबूती, आशा व संविदा कर्मियों के नियमितीकरण तथा श्रम कानूनों में संशोधन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन और होगा तेज
किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़ती कृषि लागत, फसलों के वाजिब दाम, एमएसपी की कानूनी गारंटी और बिजली दरों में वृद्धि के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। जिलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार की नीतियां श्रमिकों, कर्मचारियों और किसानों के हितों के प्रतिकूल हैं। सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण और श्रम संहिताओं के जरिए श्रमिक अधिकारों को कमजोर किए जाने पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

जुलूस में इनकी रही उपस्थिति

सभा का संचालन सीआईटीयू के राज्य कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह ने किया। सभा को अजय सिंह (अध्यक्ष, जिला श्रमिक समन्वय समिति), राजेश रावत (अध्यक्ष, राज्य कर्मचारी महासंघ), शशि सिंह (जिला अध्यक्ष, आशा कर्मचारी यूनियन), राम कृष्ण यादव, जनार्दन सिंह, वेद प्रकाश पांडेय, श्वेता मिश्रा, लक्ष्मण पांडेय, सुशील त्रिपाठी, शिवनाथ, आलोक मिश्रा, महंथ गोस्वामी, के.एन. उपाध्याय और परमात्मा राय सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। अंत में मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को भेजा गया। आयोजकों ने हड़ताल को सफल बताते हुए सभी संगठनों का आभार व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *