
बलिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के काशीपुर रिंग बंधा पर बैरिया के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेंद्र कुमार की सरकारी गाड़ी एक पिकअप से टकरा गई। हादसे में एसडीएम धर्मेंद्र कुमार और उनके चालक श्रीभगवान घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने उपजिलाधिकारी व चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं इसकी जानकारी होते ही प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सोमवार सुबह करीब 10 बजे बलिया मुख्यालय से बैरिया जा रहे थे। काशीपुर रिंग बंधा के पास विपरीत दिशा से आ रही पिकअप से उनकी गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार यादव सहित कई अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
चिकित्सकों ने बताया कि एसडीएम और उनके चालक की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

