Ballia : फर्जी चैरिटेबल ट्रस्ट गिरोह का भंडाफोड़, रसड़ा पुलिस ने चार वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

बलिया। रसड़ा कोतवाली पुलिस ने फर्जी चैरिटेबल संस्थान के नाम पर लोगों को गुमराह कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक रसड़ा योगेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 दिसंबर की शाम मुखबिर की सूचना पर ग्राम जाम स्थित मुख्य अभियुक्त के घर से चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी ट्रस्ट चैरिटेबल सेवा संस्थान के नाम पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त थे।
गिरफ्तार आरोपियों में ट्रस्ट का प्रबंधक दिलीप कुमार भारती (40) निवासी ग्राम जाम, सुमन्त भारती (35) निवासी ग्राम बर्रेबोझ, शनि भारती (35) निवासी ग्राम गढ़मलपुर थाना पकड़ी तथा नन्दू राजभर (40) निवासी ग्राम छितौनी थाना रसड़ा शामिल हैं। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना रसड़ा में दर्ज मुकदमा के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस सफल गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक राजकेशर सिंह सहित थाना रसड़ा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फर्जी संस्थानों के माध्यम से होने वाले अपराधों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

