You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 67 किलो मिठाइयां नष्ट

पांच प्रतिष्ठानों से लिए गए आठ नमूने, एक्सपायर्ड और अस्वास्थ्यकर मिठाइयों पर कार्रवाई
बलिया।
दीपावली पर्व पर मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई की दुकानों और निर्माणशालाओं का निरीक्षण कर कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, एक्सपायर्ड, बासी और अस्वास्थ्यकर स्थिति में मिली करीब 67 किलोग्राम मिठाइयों को मौके पर नष्ट कराया गया।


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने न्यू श्री कामधेनु स्वीट्स, बलिया से दूध और बूंदी के लड्डू के दो नमूने लिए। यहां करीब 27 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत 12,640 रुपये थी, नष्ट कराया गया। न्यू छप्पन भोग स्वीट्स से बूंदी दाना और खोया के दो नमूने लिए गए। बैरिया तहसील मोड़ स्थित संजय कुमार गुप्ता की मिठाई निर्माणशाला से रंगीन रसगुल्ला और गुलाब जामुन के दो नमूने, मधु मिलन मिष्ठान भंडार से खोया तथा इंदरपुर चट्टी स्थित शिवांगी मिष्ठान भंडार से पेड़ा का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।


इसके अलावा विभाग की मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला फूड सेफ्टी ऑन व्हील के माध्यम से रसड़ा के कोतवाली रोड पर करीब 50 खाद्य कारोबारियों और उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया। मौके पर जांच के दौरान बूंदी लड्डू, इमरती और डोडा बर्फी सहित करीब 40 किलोग्राम मिठाइयों में रंगों का अत्यधिक प्रयोग तथा बासी एवं अस्वास्थ्यकर स्थिति मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया।


विभाग की ओर से मिठाई निर्माताओं और विक्रेताओं को स्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं बिक्री करने तथा मिठाइयों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को सुधार सूचना जारी की जा रही है। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित करने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय जेपी सिंह ने लोगों से अपील की कि दीपावली पर मिठाइयां विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें और मिलावटी, बासी अथवा अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना विभाग को दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *